सिया ने मंगेतर को कहां से दिया था धक्का? देखने की मची होड़; लोहागढ़ जाने पर पुलिस ने क्यों लगाई रोक.

केतन अग्रवाल मर्डर केस में जांच अब तेज हो चुकी है।

इसके लिए पुलिस ने अहम कदम उठाया है। इसके तहत लोहागढ़ किले को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। इसी किले में सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ साजिश करके केतन को धक्का मारा था।

जांच टीम जल्द ही उस जगह पर पहुंचेगी, जहां से केतन को धक्का दिया गया था। इसके अलावा जो लोग किले पर ऊपर जा रहे थे उन्हें भी दिन में ही रोक दिया गया। किले में ऊपर चढ़े लोगों को भी नीचे उतार लिया गया। अगली नोटिस तक किसी को भी लोहागढ़ किला जाने की अनुमति नहीं होगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़ा है किला
गौरतलब है कि केतन मर्डर केस के बाद लोहागढ़ किले में जाने वालों की संख्या में अचानक काफी इजाफा हुआ है। पहले की तुलना में यह संख्या 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुकी है। जिस जगह से सिया ने केतन को धक्का दिया था, उसे ‘सिया पॉइंट’ नाम दे दिया गया है। यहां पहुंचने वाले टूरिस्ट उसी जगह पर पहुंचना चाहते हैं।

लोगों के मन में उस जगह को देखने की काफी उत्सुकता है। बता दें कि लोहागढ़ किला 10वीं सदी का है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा यह यूनेस्को साइट के तौर पर भी दर्ज है। करीब दो-तीन घंटे की ट्रेकिंग के बाद, यहां से बहुत ही खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। इन सारी बातों के बावजूद इन दिनों यह ऐतिहासिक जगह, केतन मर्डर केस के चलते सुर्खियों में है।

बढ़ गई लोहागढ़ आने वालों की संख्या
लोहागढ़ किला, पुणे से करीब 50 किमी दूर है। अधिकारियों के मुताबिक पहले यहां पर छुट्टियों में तकरीबन हजार लोग आया करते थे। लेकिन अब संख्या बढ़कर 1500 हो चुकी है। इसके अलावा सोमवार से शुक्रवार तक पहले लगभग 400 लोग आते थे। अब इन दिनों में भी 600 से ज्यादा लोग यहां आने लगे हैं।

मंगलवार को पुलिस ने किले में एंट्री बंद कर दी थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बाहर बैठे थे और किले के खुलने का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों ने कहाकि वह पहले तो किसी अन्य जगह पर जाने वाले थे। लेकिन केतन अग्रवाल मर्डर के बाद यह जगह पूरे महाराष्ट्र में सुर्खियों में है। इसका नाम सुनकर हम लोग यहां आ गए।

अन्य प्रदेशों के लोग भी पहुंच रहे
सिर्फ महाराष्ट्र के ही लोग नहीं, बल्कि अन्य प्रदेशों से भी लोग यहां पर पहुंच रहे हैं। एनडीटीवी के मुताबिक एक विजिटर ने बताया कि जो भी यहां आ रहा है वह केतन मर्डर केस और सिया के बारे में ही बात कर रहा है। उन्होंने कहाकि सुबह मैं दूसरी जगह गया था। लेकिन शाम को खुद को यहां आने से नहीं रोक पाया। मैं यह देखना चाहता था कि आखिर वह कौन सी जगह है, जहां से सिया ने केतन को धक्का देकर खाई में गिराया। उसने यह भी कहाकि बहुत सारे लोग उसी जगह को देखने के लिए आ रहे हैं।

गौरतलब है कि पुणे के रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी केतन को कथित तौर पर 18 जून को जिले के लोहागढ़ किले की एक चट्टान से धक्का देकर मार डाला गया था। आरोप है कि उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने केतन को धक्का दे दिया था। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। केतन की कथित हत्या के बाद दोनों आरोपियों (सिया और चेतन) को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें अदालत ने तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights